वाराणसी में VDA का बड़ा एक्शन: एक झटके में सील हुए बुद्ध विहार कालोनी में 13 होटल, मचा जबरदस्त हड़कंप
- मोहम्मद रिजवान
वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने बुद्ध विहार आवासीय कॉलोनी में नियमों के विरुद्ध संचालित हो रहे होटलों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 13 होटलों को सील कर दिया। आरोप है कि कई भवन स्वामियों ने आवासीय उपयोग के लिए मानचित्र स्वीकृत कराकर होटल संचालन शुरू कर दिया था, जबकि कुछ होटल बिना मानचित्र स्वीकृति के ही बनाए और चलाए जा रहे थे।
वीडीए के अनुसार, इन होटलों में समुचित पार्किंग व्यवस्था नहीं थी, जिससे स्थानीय लोगों को यातायात जाम, अवैध पार्किंग, ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ होटल संचालकों ने सराय एक्ट के तहत फर्जी और कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर लाइसेंस हासिल किया था।
कार्रवाई के दौरान होटल किरन पैलेस, होटल A-ZURE, होटल Four Leaf, होटल Xedic Roots, स्टे इन काशवी, ट्रस्ट द्वारा निर्मित नया होटल, होटल रियो बनारस, होटल Zion Inn, होटल पार्क प्लाजा, होटल सिल्क सिटी, होटल हॉलिडे इन, होटल स्कायर इन और Comfort Inn Banaras को सील किया गया।
वीडीए ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2025 के तहत निर्धारित मानकों जैसे पार्किंग, अग्नि सुरक्षा, सड़क चौड़ाई और भू-उपयोग की शर्तें पूरी करने के बाद ही आवासीय क्षेत्रों में होटल संचालन की अनुमति दी जा सकती है। बिना स्वीकृति होटल संचालन पूरी तरह अवैध माना जाएगा।
प्राधिकरण ने यह भी बताया कि वर्तमान में मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया गया है तथा पात्र मामलों में सात दिनों के भीतर स्वीकृति दी जा रही है। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी निर्माण या व्यावसायिक गतिविधि से पहले आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।



No comments