वाराणसी में कर्नाटक स्टेट की दीवार ढही :- 3 लोग घायल, 8 नाव टूट गईं; हरिश्चंद्र घाट पर कॉरिडोर निर्माण के दौरान हादसा
वाराणसी में शनिवार को हरिश्चंद्र घाट कॉरिडोर निर्माण के दौरान कर्नाटक स्टेट की दीवार ढह गई। कॉरिडोर निर्माण के लिए नींव खुदाई और बाढ़ के कटान से दीवार गिर पड़ी। हादसे में तीन युवक मौके पर घायल हो गए, वहीं आठ नावें भी क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पाकर भेलूपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। नाव क्षतिग्रस्त होने की जानकारी पाकर नाविक भी मौके पर पहुंचे और नाव से मलवा हटाया। इसके बाद जलपुलिस समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। हालांकि घायलों को मामूली चोटें ही लगी है जिनका उपचार किया गया।
वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के हरिच्रंद्र घाट पर नए कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें हाईटेक घाट, चिमनी, शव दाह स्थल और इलेक्ट्रिक प्लेटफार्म बनाया जा रहा है। उसके पास कर्नाटक घाट स्थित कर्नाटक स्टेट की दीवार लंबे समय से क्षतिग्रस्त थी और बाढ़ का पानी भी दीवार तक पहुंच गया है।
शुक्रवार को हरिचंद्र घाट कॉरिडोर के लिए किए गए खुदाई और निर्माण कार्य जारी थी, इसी दौरान अचानक दीवार की मिट्टी और ईंट गिरने लगी। श्रमिक जब तक भागे तब तक भरभराकर दीवार गिर गई। इसमें तीन श्रमिक मलबा गिरने से चोटिल हो गए, मलबे के साथ नीचे जा गिरे।
दीवार गिरते ही आसपास जुटे श्रमिक आनन फानन में मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को बाहर निकाला। पुलिस चौकी और थाने को सूचना दी, घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद घाट पर हड़कंप की स्थिति रही और लोगों की भीड़ अभी भी जुटी है।
No comments