वाराणसी में पुलिस मुठभेड़: घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी को लगी गोली
वाराणसी के कंठीपुर गांव के पास शुक्रवार की भोर बदमाशों का एसओजी और राजातालाब थाने की पुलिस की संयुक्त टीम से आमना-सामना हुआ। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि एक अन्य भाग निकला।
एडीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि घायल बदमाश राजकुमार है, उसका दोस्त संदीप भाग गया है। दोनों बदमाशों ने अपने एक अन्य साथी के साथ गत रविवार की रात चंदौली के मुगलसराय से लठिया चौराहे तक के लिए कार बुक कराई थी। लठिया में कार, नकदी और मोबाइल लूट कर तीनों वीरभानपुर में ड्राइवर को छोड़ कर भाग गए थे।
उन्हीं बदमाशों के कार लेकर गुजरने की सूचना पर एसओजी प्रभारी मनीष कुमार मिश्र और राजातालाब थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने अपनी-अपनी टीम के साथ घेराबंदी की थी। बदमाशों द्वारा पुलिस टीम को देख कर फायरिंग की गई।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ है, जबकि उसका एक दोस्त भाग निकला। घायल बदमाश का प्राथमिक उपचार कराने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।
No comments