• Breaking News

    वाराणसी की बकरा मंडी पर प्रशासन का ताला, हजारों कारोबारियों के सामने रोज़गार का संकट, गेट पर पुलिस का पहरा


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी के बेनिया क्षेत्र में संचालित बकरा मंडी पर सोमवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसका संचालन बंद करा दिया। नगर निगम और स्मार्ट सिटी प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंडी को खाली करवाने के बाद मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगवा दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
    बताया जा रहा है कि मंडी को सीमित अवधि के लिए संचालन की अनुमति दी गई थी, लेकिन बाद में प्रशासन ने आवंटन निरस्त कर दिया। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मंडी परिसर खाली कराया और वहां कारोबार पर रोक लगा दी।

    मंडी बंद होने से सबसे अधिक असर उन व्यापारियों, पशुपालकों और किसानों पर पड़ा है, जो ईद-उल-अज़हा के मद्देनजर बड़ी संख्या में बकरे लेकर वाराणसी पहुंचे थे। व्यापारियों के अनुसार यह मंडी वर्षों से क्षेत्र का प्रमुख पशु बाजार रही है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में खरीदार और विक्रेता पहुंचते थे। उनका कहना है कि अचानक हुई कार्रवाई से लाखों-करोड़ों रुपये के कारोबार पर असर पड़ा है।

    कई किसानों ने बताया कि वे दूरदराज इलाकों से पशु लेकर आए थे और मंडी बंद होने के कारण अब उन्हें बिक्री को लेकर नई परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन वैकल्पिक स्थल उपलब्ध करा देता तो उन्हें इतनी कठिनाई नहीं होती।

    कार्रवाई के बाद मंडी से जुड़े लोगों में नाराजगी देखी गई। प्रभावित व्यापारियों और पशुपालकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाए ताकि त्योहार से पहले उनका कारोबार प्रभावित न हो। फिलहाल मंडी के बाहर पुलिस निगरानी जारी है और आगे की स्थिति को लेकर सभी की निगाहें प्रशासन के अगले फैसले पर टिकी हैं।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad