बनारस स्टेशन पर विदेशी यात्री का हंगामा, सीट विवाद के बाद आरपीएफ से हुई नोकझोंक
वाराणसी :- बनारस रेलवे स्टेशन (मंडुवाडीह) पर एक विदेशी यात्री द्वारा किए गए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अनुसार यह घटना हाल की नहीं बल्कि 3 मई की है। वीडियो में विदेशी नागरिक और आरपीएफ कर्मियों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है, जबकि मौके पर बड़ी संख्या में यात्री भी जमा हो गए थे।
आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया कि बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री राजेश कुमार ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि उनकी आरक्षित सीट पर एक विदेशी नागरिक बैठा हुआ है और सीट खाली करने से इंकार कर रहा है।
सूचना मिलने पर आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और विदेशी नागरिक को यात्री की सीट से हटाया। इसके बाद वह नाराज हो गया और स्टेशन के सेकेंड एंट्री क्षेत्र स्थित प्लेटफॉर्म नंबर-8 पर हंगामा करने लगा। आरपीएफ जवानों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार बहस करता रहा।
स्थिति को बिगड़ता देख सुरक्षा कर्मियों ने विदेशी नागरिक को स्टेशन के वेटिंग रूम में बैठाकर शांत कराया। आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि उसकी हरकतों से ऐसा लग रहा था कि उसने किसी प्रकार का नशा किया हुआ था, जिसके कारण वह असामान्य व्यवहार कर रहा था।
घटना के दौरान कुछ समय के लिए स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई थी, लेकिन आरपीएफ की तत्परता से मामला जल्द ही नियंत्रण में आ गया। किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और रेल संचालन भी प्रभावित नहीं हुआ।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया जाता है ताकि अन्य यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

No comments