प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक चढ़ा परिजनों के हत्थे, पिटाई के बाद पुलिस के हवाले, थाने में चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
वाराणसी :- मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवां रोड पुलिस चौकी अंतर्गत एक गांव में प्रेम-प्रसंग का मामला बुधवार को चर्चा का विषय बन गया। अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को युवती के परिजनों ने पकड़ लिया। आरोप है कि परिजनों ने उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दे दी, जिसके बाद युवक को थाने ले जाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसका कछवां रोड क्षेत्र की एक युवती से करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों की बातचीत मोबाइल फोन के जरिए शुरू हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। हालांकि दोनों अलग-अलग जातियों से संबंध रखते हैं, जिसके चलते दोनों परिवार इस रिश्ते के विरोध में थे।
बताया जाता है कि बुधवार सुबह युवक चुपके से अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंच गया। इसकी जानकारी युवती के परिजनों को लग गई। इसके बाद उन्होंने युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले आई।
घटना की जानकारी मिलते ही युवती भी थाने पहुंच गई और युवक के साथ रहने की जिद करने लगी। थाने में काफी देर तक मान-मनौव्वल और समझाने का दौर चलता रहा। आखिरकार पुलिस और परिजनों के समझाने पर युवती अपने परिवार के साथ घर लौट गई।
पुलिस ने युवक के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

No comments