वाराणसी में मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट: 12 फीट से ऊंचे ताजियों पर रोक, ड्रोन और पैरामिलिट्री फोर्स करेगी निगरानी
वाराणसी :- आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और लोगों में भरोसा कायम करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में रूट मार्च किया।दालमंडी से गोदौलिया तक निकाला गया फ्लैग मार्चचौक थाना क्षेत्र से शुरू हुआ रूट मार्च दालमंडी, नई सड़क, गिरजाघर और गोदौलिया होते हुए प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मातहतों को जुलूस मार्गों, ड्यूटी प्वाइंट्स तथा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।12 फीट से ऊंचे ताजियों पर सख्त पाबंदी
मीडिया से बातचीत में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष वाराणसी में 12 फीट से अधिक ऊंचाई वाले ताजियों की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ताजियादारों से विशेष रूप से अपील की कि जुलूस के दौरान ताजिए बिजली के तारों से न टकराएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या हादसे की स्थिति में संबंधित ताजियादार को जिम्मेदार माना जाएगा।700 स्थानों पर रखे जाएंगे ताजिए
प्रशासन के अनुसार इस बार जिले में लगभग 700 स्थानों पर ताजिए स्थापित किए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रमुख स्थलों और जुलूस मार्गों पर स्थानीय पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स, क्विक रिएक्शन टीम (QRT) और विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी।
ड्रोन कैमरों से होगी आसमानी निगरानी
मोहर्रम के जुलूसों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर इस बार ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार नजर रखी जाएगी। ड्रोन सर्विलांस के माध्यम से सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी निगाह बनाए रखेंगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
भाईचारे और सतर्कता की अपील
रूट मार्च के दौरान अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि पर्व सकुशल संपन्न हो सके।
प्रशासन का संदेश साफ है— सुरक्षा नियमों का पालन करें, बिजली के तारों से सावधानी बरतें और मोहर्रम को अमन व भाईचारे के साथ मनाएं




No comments