वाराणसी में सीएनजी पंप पर भीषण आग, 40 फीट ऊंची लपटों से मचा हड़कंप
वाराणसी :- फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियाव स्थित सीएनजी पंप पर शुक्रवार रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें करीब 40 फीट तक आसमान में उठती दिखाई दीं, जबकि काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक नजर आया। घटना के बाद वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में GAIL की मुख्य सीएनजी पाइपलाइन में लीकेज के बाद आग लगने की आशंका सामने आई है। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 9:30 बजे सीएनजी डिस्पेंसिंग यूनिट पर वाहन चालकों की गाड़ियों में गैस भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक गैस रिसाव हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग लगते ही पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई।हालांकि पंप कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत इमरजेंसी स्टॉप बटन दबाकर गैस सप्लाई बंद कर दी और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया। इसके बावजूद एक सहायक पाइपलाइन आग की चपेट में आ गई, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा। प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और जल्द ही पूरी तरह सामान्य कर ली जाएगी।




No comments