• Breaking News

    चोरों की बड़ी सेंधमारी, बंद घर से लाखों का माल साफ, नकली गहनों को भी असली समझ ले गए चोर


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- लंका थाना क्षेत्र के रमना चौकी अंतर्गत नरोत्तमपुर गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना में करीब तीन लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी होने की बात सामने आई है। चोर मुख्य दरवाजे का ताला और लोहे की कुंडी तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए और पूरे मकान की तलाशी लेते हुए कीमती सामान समेट ले गए।

    मिली जानकारी के अनुसार मकान धर्मेंद्र सिंह का है, जहां उनके रिश्तेदार आकाश अपनी पत्नी के साथ रहते थे। आकाश का हाल ही में लखनऊ तबादला हो गया था, जिसके बाद 27 मई को वह आवश्यक सामान लेकर वहां चले गए थे। मकान की देखरेख के लिए प्रतिदिन एक महिला आती थी।

    मंगलवार सुबह जब महिला घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा और कुंडी क्षतिग्रस्त देख वह हैरान रह गई। उसने तुरंत इसकी जानकारी धर्मेंद्र सिंह के चचेरे भाई रामनारायण सिंह को दी। सूचना मिलते ही डायल-112 पर पुलिस को खबर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

    परिजनों के अनुसार चोरों ने घर के सभी कमरों के साथ रसोई और पूजा कक्ष तक की तलाशी ली। आलमारी में रखी आर्टिफिशियल ज्वेलरी को भी असली समझकर चोर अपने साथ ले गए। इसके अलावा महंगी साड़ियां, कीमती कपड़े और दो विदेशी घड़ियां भी चोरी कर ली गईं।

    रामनारायण सिंह ने बताया कि राहत की बात यह रही कि आकाश और उनकी पत्नी अपने असली गहने लखनऊ जाते समय साथ ले गए थे, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। उन्होंने आशंका जताई कि घर से जाने से पहले एसी खोलने के लिए बुलाए गए मैकेनिक की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए।

    पीड़ित परिवार ने पुलिस को लिखित तहरीर सौंप दी है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर संभावित संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad