• Breaking News

    साइबर टीम की बड़ी सफलता: ऑनलाइन बेटिंग गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

    वाराणसी :-
    साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आनलाइन बेटिंग और सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का गुरुवार को खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जगतगंज क्षेत्र के दास नगर कालोनी स्थित एक किराये के कमरे में छापेमारी कर कानपुर नगर निवासी दीपक सिंह और नवनीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

    आरोपितों के कब्जे से नौ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और एक एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। इन आरोपितों का प्रतिदिन का कलेक्शन लगभग 5 लाख रुपए तक का होता था। यह 50 से अधिक खातों को संचालित करते थे।

    एसीपी साइबर क्राइम विदुश सक्सेना ने पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आनलाइन बेटिंग से जुड़े एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच के दौरान गिरोह का सुराग मिला। तकनीकी विश्लेषण और इलेक्ट्रानिक सर्विलांस के आधार पर छापेमारी की गई। बरामद मोबाइल फोन की जांच में आनलाइन बेटिंग वेबसाइटों के पैनल, यूजर आइडी, क्यूआर कोड, भुगतान संबंधी जानकारी और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।
    पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे विभिन्न बेटिंग वेबसाइटों के लिए ग्राहकों को आइडी उपलब्ध कराते थे तथा जमा-निकासी (पे-इन और पे-आउट) की प्रक्रिया संचालित करते थे। इसके लिए फर्जी सिम कार्ड और बैंक खातों का उपयोग किया जाता था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच जारी है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad