• Breaking News

    वाराणसी के तुलसीघाट पर गंगा स्नान के दौरान युवक की डूबने से मौत, मीरजापुर का था निवासी

    वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित तुलसीघाट पर गुरुवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान करने पहुंचे एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

    मृतक की पहचान मीरजापुर जिले के कछवा क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय शिवशंकर सिंह, पुत्र अनिल सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवशंकर सुबह तड़के तुलसीघाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चले गए। घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गए।
    सूचना मिलने पर भेलूपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई। कुछ देर बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी वाराणसी पहुंच गए। युवक की असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच के साथ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad