• Breaking News

    बादलों और धूप के बीच झूलता बनारस, मौसम विभाग ने किया अलर्ट रिवाइज

    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। मंगलवार देर रात हुई हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं के बाद बुधवार सुबह धूप निकलते ही उमस बढ़ गई, जिससे लोगों को गर्मी का अधिक एहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

    बुधवार सुबह वातावरण में नमी का स्तर बढ़ा हुआ रहा। पूर्वांचल के कई इलाकों में रात के समय हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं दर्ज की गईं। हालांकि सुबह होते-होते आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। बढ़ी हुई नमी के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ा और दोपहर तक गर्मी ने फिर से असर दिखाना शुरू कर दिया।

    मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि क्षेत्र में प्री-मानसूनी परिस्थितियां पूरी तरह सक्रिय हैं। दिन में बढ़ने वाली गर्मी और नमी के कारण स्थानीय स्तर पर बादलों का विकास हो रहा है, जिससे कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। वहीं मानसून पश्चिम बंगाल तक पहुंच चुका है और धीरे-धीरे पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है।

    पिछले 24 घंटों के दौरान वाराणसी का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। इस अवधि में न्यूनतम आर्द्रता 28 प्रतिशत और अधिकतम 54 प्रतिशत दर्ज की गई।

    मौसम विभाग का अनुमान है कि पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक देखने को मिल सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के आगमन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं और अगले एक सप्ताह के भीतर पूर्वांचल में मानसून की दस्तक हो सकती है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad