• Breaking News

    अखिलेश यादव के बेटे अर्जुन और बेटी टीना ने काशी में टेका माथा, बाबा विश्वनाथ व संकट मोचन के किए दर्शन

    वाराणसी :- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पुत्र अर्जुन यादव और पुत्री टीना यादव रविवार को वाराणसी पहुंचे। उनका काशी दौरा पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। दोनों ने शहर पहुंचने के बाद सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन किए।

    जानकारी के अनुसार, अर्जुन यादव और टीना यादव होटल से सीधे समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा "विश्वकर्मा" के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। उनके मंदिर पहुंचने की जानकारी शुरू में बेहद सीमित लोगों को थी। हालांकि, दर्शन के दौरान जैसे ही स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं को उनके आगमन की सूचना मिली, मंदिर के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुटने लगे।

    मंदिर परिसर के बाहर देखते ही देखते समर्थकों की भीड़ बढ़ गई। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को सक्रिय होना पड़ा। पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा घेरे में अर्जुन यादव और टीना यादव को मंदिर परिसर से बाहर निकाला। इसके बाद उनका काफिला सीधे संकट मोचन मंदिर के लिए रवाना हुआ, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
    पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन सतर्क रहा और दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। दोनों ने मंदिरों में दर्शन के बाद किसी भी प्रकार का राजनीतिक बयान नहीं दिया और न ही मीडिया से बातचीत की। उनका यह दौरा पूरी तरह धार्मिक आस्था से जुड़ा रहा।

    इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा "विश्वकर्मा" के अलावा समन यादव, मनीष यादव, मनोज यादव सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। अर्जुन यादव और टीना यादव के अचानक काशी पहुंचने और प्रमुख मंदिरों में दर्शन करने की खबर फैलते ही सपा समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad