• Breaking News

    राजघाट पुल की मरम्मत फिर टली, रेलवे से मंजूरी न मिलने पर नहीं शुरू हुआ कार्य; मंगलवार से काम शुरू होने की उम्मीद

    वाराणसी और चंदौली के बीच संपर्क का प्रमुख मार्ग राजघाट पुल रविवार रात प्रस्तावित मरम्मत कार्य के बावजूद अछूता रहा। रेलवे विभाग से आवश्यक अनुमति नहीं मिलने के कारण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को मरम्मत कार्य स्थगित करना पड़ा। इसके चलते यातायात विभाग द्वारा तैयार किया गया रात्रिकालीन डायवर्जन प्लान भी अंतिम समय में निरस्त कर दिया गया।

    यातायात पुलिस ने रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने के लिए विस्तृत व्यवस्था की थी, लेकिन रेलवे की मंजूरी न मिलने से काम शुरू नहीं हो सका। अब पीडब्ल्यूडी ने मंगलवार से मरम्मत कार्य कराने के लिए दोबारा डायवर्जन की मांग की है।

    एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि पुल की मरम्मत के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन रेलवे प्रशासन की स्वीकृति नहीं मिलने के कारण कार्य रोकना पड़ा। विभागों के बीच समन्वय के बाद अगले दो दिनों में काम शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
    वहीं, उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के एडीआरएम बृजेश यादव के अनुसार मरम्मत कार्य का असर रेल संचालन पर भी पड़ता है। इसी वजह से रेलवे ने सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए विशेष ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। प्रस्तावित योजना के तहत सुबह 3 बजे से 5 बजे तक पीडीडीयू नगर और काशी रेलवे स्टेशन के बीच रेल यातायात पूरी तरह बंद रहेगा, ताकि पुल पर मरम्मत कार्य सुरक्षित तरीके से किया जा सके।

    अधिकारियों का कहना है कि रेलवे और पीडब्ल्यूडी के बीच अंतिम सहमति बनने के बाद मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे पुल की संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित की जा सके और भविष्य में आवागमन सुरक्षित बना रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad