वाराणसी परेड कोठी में देर रात फायरिंग से हड़कंप, बुलेट सवार युवक की तलाश में जुटी पुलिस
वाराणसी :- सिगरा थाना क्षेत्र के परेड कोठी इलाके में बुधवार देर रात हुई हवाई फायरिंग की घटना से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बुलेट सवार युवक ने बीच सड़क पर तमंचा लहराते हुए फायर किया और मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान में जुटी है।जानकारी के मुताबिक टवेरा वाली गली स्थित एक गेस्ट हाउस में कमरा बुक कराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान मारपीट की भी बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसी विवाद से जुड़े कुछ लोग देर रात दोबारा मौके पर पहुंचे, जहां एक युवक ने असलहा निकालकर हवाई फायरिंग कर दी और बुलेट से भाग निकला।गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद हुआ है, जिसे कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
रोडवेज चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार बंधु ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद और मारपीट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। पहचान होते ही उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


No comments