वाराणसी: पैगंबर-ए-इस्लाम पर कथित टिप्पणी के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग
- राष्ट्रीय पसमांदा सेवा समिति की महिला प्रकोष्ठ ने पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, BNS की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की उठाई मांग
वाराणसी :- सोशल मीडिया पर धार्मिक हस्तियों के संबंध में की जा रही कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर वाराणसी में विरोध दर्ज कराया गया है। राष्ट्रीय पसमांदा सेवा समिति की महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष खुर्शीदा बानो के नेतृत्व में महिलाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए सोशल मीडिया पर सक्रिय नाजिया इलाही खान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनकी कथित टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।
कथित टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोपज्ञापन में कहा गया है कि नाजिया इलाही खान ने सोशल मीडिया और अन्य सार्वजनिक मंचों पर पैगंबर हज़रत मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद मुस्लिम समुदाय, विशेषकर पसमांदा समाज की महिलाओं में नाराजगी व्याप्त है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका संगठन पूरी तरह कानून पर भरोसा रखता है और शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से न्याय की मांग कर रहा है।
BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग
महिला प्रकोष्ठ ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं 196, 298, 299, 302 और 353(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
वीडियो हटाने और सार्वजनिक माफी की भी मांग
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि संबंधित विवादित वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाया जाए तथा आरोपी से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जाए, ताकि समाज में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे।
पुलिस प्रशासन पर जताया भरोसाखुर्शीदा बानो ने कहा कि वे भारतीय संविधान और कानून व्यवस्था में पूर्ण विश्वास रखती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी। पुलिस आयुक्त कार्यालय ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को संबंधित अधिकारियों के पास जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
- मोहम्मद रिजवान


No comments