• Breaking News

    वाराणसी पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित

    वाराणसी :-
    जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। नवीन सूची के अनुसार जिले में कुल 17,93,504 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। यह मतदाता जिले की 694 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधियों के चुनाव में भाग लेंगे।

    मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बाद मतदाताओं की संख्या में 41,397 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रकाशित सूची विकास भवन स्थित पंचायत कार्यालय तथा सभी विकास खंड कार्यालयों में आम जनता के अवलोकन के लिए उपलब्ध करा दी गई है।

    जिला प्रशासन के अनुसार पुनरीक्षण प्रक्रिया शुरू होने से पहले मतदाता सूची में 17,52,107 मतदाता दर्ज थे। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि अपात्र या अन्य कारणों से कई नाम हटाए भी गए। सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची का प्रकाशन किया गया है।

    चुनाव कार्यक्रम पर अभी संशय

    हालांकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हो चुका है, लेकिन पंचायत चुनाव की तिथि को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि चुनाव कार्यक्रम तय करने का अधिकार राज्य निर्वाचन आयोग के पास है और फिलहाल आयोग की ओर से कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है।
    इस बीच ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद शासन के निर्देशानुसार पंचायतों का संचालन प्रशासनिक व्यवस्था के तहत किया जा रहा है। माना जा रहा है कि आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग किसी भी समय चुनाव कार्यक्रम घोषित कर सकता है।

    राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में यह भी चर्चा है कि पंचायत चुनावों का आयोजन आगामी विधानसभा चुनावों के बाद कराया जा सकता है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad