• Breaking News

    वाराणसी में नर्सिंग छात्रा की मौत से सनसनी, मोबाइल लापता; CCTV और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस

    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- शहर के एक निजी नर्सिंग कॉलेज परिसर में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब जीएनएम द्वितीय वर्ष की एक छात्रा हॉस्टल की सीढ़ियों पर गंभीर हालत में मिली। छात्रा को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
    मृतका की पहचान 19 वर्षीय पलक खातून उर्फ खुशी के रूप में हुई है। वह चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र से संबंधित थी। उसके पिता मोहम्मद अब्दुल कादिर खान पुलिस विभाग में सिपाही हैं और वर्तमान में परिवार के साथ वाराणसी के साथनाथ थाना परिसर स्थित पुलिस कॉलोनी में रहते हैं। पलक शहर के एक निजी नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार कॉलेज परिसर से जुड़े हॉस्टल भवन की सीढ़ियों पर छात्रा को सबसे पहले एक इलेक्ट्रिशियन ने अचेत अवस्था में देखा। उसने तुरंत सुरक्षा कर्मियों और कॉलेज प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि छात्रा की हालत गंभीर थी। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
    बताया जा रहा है कि छात्रा के शरीर से रक्तस्राव हो रहा था। चिकित्सकों ने उसे बचाने के लिए तत्काल उपचार और सीपीआर सहित अन्य प्रयास किए, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।

    पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। छात्रा के बैग की तलाशी लेने पर उसका मोबाइल फोन नहीं मिला, जबकि कुछ दवाइयां बरामद हुई हैं। इससे जांच कई पहलुओं पर केंद्रित हो गई है। पुलिस छात्रा की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।

    परिजनों के अनुसार पलक घर से निकलने के बाद अपनी एक सहेली से मिलने गई थी। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। छात्रा दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर थी।

    थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम दो चिकित्सकों के पैनल द्वारा कराया जाएगा तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी होगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad