Rahul Gandhi Birthday: एक हाथ में फरसा, दूसरे में संविधान! वाराणसी में राहुल गांधी को दिया गया 'परशुराम रूप', दूध-गंगाजल से हुआ अभिषेक
वाराणसी :- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में वाराणसी में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को भगवान परशुराम के रूप में दर्शाते हुए उनका पोस्टर तैयार कराया, जिसमें एक हाथ में फरसा और दूसरे हाथ में भारतीय संविधान की प्रति दिखाई गई।जन्मदिन समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राहुल गांधी के पोस्टर का दूध और गंगाजल से अभिषेक किया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ता घाट पर एकत्र होकर धार्मिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम करते नजर आ रहे हैं।यूथ कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह आयोजन सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और अन्याय के खिलाफ संघर्ष के प्रतीक के रूप में किया गया। राहुल गांधी को परशुराम स्वरूप में प्रस्तुत कर कार्यकर्ताओं ने एक विशेष राजनीतिक और सामाजिक संदेश देने का प्रयास किया।राहुल गांधी के जन्मदिन पर देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा रक्तदान शिविर, पौधरोपण, जनसेवा और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।




No comments