वाराणसी: विदेशी युवती से दुष्कर्म के आरोपी अविनाश सेठ पर ₹25 हजार का इनाम, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
वाराणसी में विदेशी मूल की एक युवती से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में फरार चल रहे अविनाश सेठ पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
सारनाथ थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमे के अनुसार, नेपाल मूल की पीड़िता अपने पिता के साथ वाराणसी के कैंट क्षेत्र में रहती है। युवती का आरोप है कि वर्ष 2022 में उसकी पहचान तेलियाबाग निवासी अविनाश सेठ से हुई। आरोपी ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए शादी का भरोसा दिलाया और मांग में सिंदूर भरकर पति-पत्नी जैसा संबंध स्थापित किया।पीड़िता का कहना है कि शादी का विश्वास दिलाकर आरोपी लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। 28 मई को जब वह पहाड़िया स्थित फ्लैट पहुंची तो वहां अविनाश एक अन्य युवती के साथ मिला। विरोध करने पर आरोपी और उसके साथ मौजूद शालिनी गुप्ता ने कथित तौर पर उसके साथ अभद्रता की, मारपीट का प्रयास किया और फ्लैट से बाहर निकाल दिया।
शिकायत में युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि अविनाश कई युवतियों को प्रेम संबंधों का झांसा देकर उनका शोषण करता है। घटना के बाद मानसिक तनाव में आकर उसने आत्महत्या का प्रयास भी किया, हालांकि परिजनों ने समय रहते उसे बचा लिया।
पीड़िता की तहरीर पर सारनाथ थाने में अविनाश सेठ और शालिनी गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह फरार मिला।
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने फरार आरोपी अविनाश सेठ पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के संबंध में सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा नियमानुसार इनाम की राशि प्रदान की जाएगी।


No comments