वाराणसी में फिल्मी अंदाज में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, गुप्त चेंबर वाली कार से 50 किलो गांजा बरामद; दो गिरफ्तार
वाराणसी :- कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फिल्मी अंदाज में वाहन के भीतर बनाए गए गुप्त चेंबर का खुलासा किया है। सिगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें विशेष रूप से तैयार किए गए सीक्रेट चेंबर से करीब 50 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।खुफिया सूचना पर की गई कार्रवाईपुलिस को मुखबिर और खुफिया तंत्र के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिए अवैध गांजे की बड़ी खेप वाराणसी लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। शुरुआती जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन बारीकी से तलाशी लेने पर वाहन के अंदर बेहद चालाकी से बनाया गया गुप्त चेंबर सामने आया। इसी चेंबर से करीब 50 किलो गांजा बरामद हुआ।
30 लाख रुपये आंकी गई बरामद गांजे की कीमत
पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय और अवैध बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है। तस्करों ने वाहन में ऐसा सीक्रेट चेंबर तैयार कराया था कि सामान्य जांच में उसका पता लगाना बेहद मुश्किल था।
ओड़िशा से पूर्वांचल तक फैला था सप्लाई नेटवर्क
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांजे की खेप ओड़िशा से लेकर आए थे और इसे पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में सप्लाई करने की योजना थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

No comments