• Breaking News

    अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के खिलाफ BHU गेट पर सपा का प्रदर्शन, सड़क जाम; पुलिस ने कार्यकर्ताओं को टांगकर हटाया, देखे वीडियो

    वाराणसी :- दिल्ली में कथित पेपर लीक मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए विपक्षी प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद उसका असर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी देखने को मिला। मंगलवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सिंहद्वार पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया, जिसके चलते कुछ देर के लिए क्षेत्र में तनाव और यातायात बाधित हो गया।
    बीएचयू सिंहद्वार पर जुटे सपा कार्यकर्ता
    दिल्ली में हुई कार्रवाई की सूचना मिलते ही सपा कार्यकर्ता बीएचयू के मुख्य प्रवेश द्वार पर एकत्र होने लगे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठकर विरोध जताया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया और प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास शुरू किया।
    पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की
    प्रदर्शन के दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की देखने को मिली। पुलिस ने प्रदर्शन समाप्त कराने के लिए कई कार्यकर्ताओं को बलपूर्वक हटाकर पुलिस वाहनों में बैठाया। इस दौरान कार्यकर्ता अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में नारे लगाते रहे और पेपर लीक मामले पर केंद्र सरकार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री से जवाबदेही की मांग करते रहे।
    छात्र भी पहुंचे, कैंपस के गेट किए गए बंद
    प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बीएचयू के कुछ छात्र भी सिंहद्वार के बाहर पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने छात्रों को परिसर के भीतर भेज दिया और मुख्य गेट बंद करा दिया, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।

    कुछ देर बाधित रहा यातायात, सुरक्षा बढ़ाई गई

    प्रदर्शन के कारण बीएचयू सिंहद्वार के सामने कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर स्थिति पर नियंत्रण पाया। संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर कई थानों की पुलिस, पीएसी और वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया, जिसके बाद हालात सामान्य हो सके।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad