• Breaking News

    वाराणसी: शादी से पहले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, फ्लैट में आग से लाखों का सामान खाक; देखें वीडियो

    • मोहम्मद रिजवान

    वाराणसी :- जैतपुरा थाना क्षेत्र की अशोक बिहार कॉलोनी फेज-1 स्थित एक तीन मंजिला फ्लैट में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में फ्लैट धुएं और लपटों से घिर गया। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दमकल विभाग ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में एसी, टीवी, फ्रिज, फर्नीचर, पंखे समेत करीब चार लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

    मूल रूप से चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज निवासी राज किशोर सिंह अपने परिवार के साथ अशोक बिहार कॉलोनी फेज-1 के फ्लैट में रहते हैं। भवन के प्रथम तल पर दूसरा परिवार रहता है, जबकि ऊपर के दो तल पर राज किशोर सिंह का परिवार निवास करता है।
    बुधवार सुबह परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम पर चले गए थे। राज किशोर सिंह घर से बाहर थे, उनकी पत्नी नीलम सिंह, जो बीएलओ के पद पर कार्यरत हैं, ड्यूटी पर गई थीं। बेटी नैना सिंह अपने बुटीक और बेटा अभिषेक सिंह फिजियोथेरेपी प्रशिक्षण के लिए संस्थान गया हुआ था। घर में ताला बंद था।
    करीब 11 बजे पड़ोसियों ने फ्लैट से धुआं और आग की लपटें निकलती देख तत्काल दमकल विभाग और परिवार को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से राहत कार्य शुरू किया और लगभग आधे घंटे के प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से वह पूरे भवन में नहीं फैल सकी और बड़ा नुकसान होने से बच गया।
    बेटी की शादी की तैयारियों पर फिरा पानी
    राज किशोर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी नैना की शादी नवंबर में तय है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और धीरे-धीरे जरूरी सामान जुटाया जा रहा था। लेकिन आग की चपेट में शादी से जुड़ा सामान भी आ गया। इस हादसे से परिवार को करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है और खुशियों का माहौल पलभर में चिंता में बदल गया।
    रोते-बिलखते पहुंचे परिजन, टूट गए खिड़कियों के शीशे
    सूचना मिलते ही राज किशोर सिंह और उनके परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। घर का सामान जला हुआ देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि फ्लैट की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए और धुएं का गुबार बाहर तक फैल गया।

    शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

    जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता तो आग आसपास के अन्य फ्लैटों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते कार्रवाई होने से जनहानि टल गई, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad