छात्र आंदोलन की ताकत से हुआ शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, सरकार के लिए यह चेतावनी है: पल्लवी पटेल
वाराणसी :- अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय नेता एवं सिराथू से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्र आंदोलन की जीत करार दिया। शनिवार को वाराणसी के पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि देशभर के युवाओं ने अपने हक और भविष्य की लड़ाई लड़ते हुए सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया।
पल्लवी पटेल ने कहा कि छात्रों ने जिस एकजुटता और दृढ़ता के साथ आंदोलन किया, उसी का परिणाम है कि शिक्षा मंत्री को अपना पद छोड़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक इस्तीफा नहीं, बल्कि युवाओं की आवाज की ताकत का प्रमाण है। उनके अनुसार, सरकार को समझ लेना चाहिए कि यदि युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया तो इसका राजनीतिक असर और भी बड़ा हो सकता है।
प्रधानमंत्री के रील बनाने संबंधी सवाल पर उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब युवाओं को रोजगार के बजाय रील बनाकर कमाई की सलाह दी जा रही है, तो अब प्रधानमंत्री भी रील बनाकर कमाई करें। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब भी देगी।
इससे पहले पिंडरा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में डॉ. पल्लवी पटेल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना ही चुनावी सफलता की कुंजी है। सम्मेलन में पार्टी के सेक्टर और बूथ अध्यक्षों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना भी की गई।

No comments