• Breaking News

    वाराणसी: डीएम सत्येंद्र कुमार ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

    भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के कड़ाई से पालन के निर्देश, सीसीटीवी, कंट्रोल रूम और सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा...
    वाराणसी, 31 जुलाई :- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को तहसील सदर स्थित निर्वाचन कार्यालय के ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। डीएम ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण करते हुए भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी कार्यशीलता, कंट्रोल रूम की व्यवस्था, कक्षवार विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों एवं रोशनदानों की सुरक्षा समेत अन्य सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने वेयरहाउस के बाहरी हिस्से में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

    डीएम ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों का पूरी गंभीरता के साथ पालन किया जाए। उन्होंने सुरक्षा गार्डों की शिफ्टवार तैनाती, वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    निरीक्षण के दौरान निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad