• Breaking News

    वाराणसी में कुंभा एक्सप्रेस से दुर्लभ कछुओं की तस्करी का भंडाफोड़, 150 साल पुराने बताए जा रहे कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार

    वाराणसी :- जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने शनिवार शाम शिवपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुंभा एक्सप्रेस से दुर्लभ प्रजाति के कछुओं की तस्करी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया। बरामद कछुए इंडियन सॉफ्ट शेल (Indian Softshell Turtle) प्रजाति के बताए जा रहे हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी और बरामद वन्यजीवों को आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।
    जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ट्रेन संख्या 13038 कुंभा एक्सप्रेस के एस-1 कोच में दुर्लभ कछुओं को लेकर पश्चिम बंगाल जा रहा है। सूचना के आधार पर जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने शिवपुर स्टेशन पर घेराबंदी की।
    ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचते ही टीम ने संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दुर्लभ प्रजाति के कई कछुए बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रानू कंजर, निवासी जगदीशपुर, अमेठी के रूप में हुई है।

    गोमती नदी से निकाले गए थे कछुए

    पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद कछुओं को गोमती नदी से निकाला गया था। वह इन्हें लेकर निहालगढ़ स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था और हावड़ा (पश्चिम बंगाल) पहुंचाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी।

    संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

    कार्रवाई में जीआरपी निरीक्षक देवचंद यादव, आरपीएफ निरीक्षक संदीप यादव, जीआरपी उपनिरीक्षक रजबहादुर, सीआईबी के एएसआई राकेश कुमार सिंह, जीआरपी मुख्य आरक्षी अश्विनी सिंह तथा आरपीएफ मुख्य आरक्षी प्रमोद कुमार राय सहित अन्य अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

    वन विभाग करेगा आगे की जांच

    बरामद कछुओं की प्रजाति, आयु और तस्करी के नेटवर्क की विस्तृत जांच अब वन विभाग द्वारा की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले के तार अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। वन विभाग आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटा है कि दुर्लभ कछुओं की सप्लाई श्रृंखला में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad