• Breaking News

    लव मैरिज के बाद पत्नी की हत्या, सूटकेस में छिपाया शव; 2 महीने से फरार आरोपी वाराणसी में गिरफ्तार

    वाराणसी :- दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा में पत्नी की हत्या कर शव को सूटकेस में छिपाकर फरार हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले करीब दो महीने से पहचान छिपाकर वाराणसी में रह रहा था और चांदपुर इंडस्ट्रियल एस्टेट में मजदूरी कर रहा था। सिलवासा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में एसटीएफ ने उसे मंडुवाडीह थाना क्षेत्र से दबोच लिया।
    पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त 2026 को सिलवासा के टोकर खड़ा इलाके में एक किराये के मकान से सूटकेस के अंदर महिला का शव बरामद हुआ था। शव की हालत काफी पुरानी थी। मकान मालिक जब कमरा किसी दूसरे व्यक्ति को किराये पर देने के लिए पहुंचा और दरवाजा खोला तो अंदर से तेज दुर्गंध आने पर उसे शक हुआ। तलाशी के दौरान कमरे में रखा सूटकेस खोला गया तो उसमें महिला का शव मिला।

    जांच के दौरान मृतका की पहचान छोटी उपाध्याय के रूप में हुई। पुलिस की जांच में सामने आया कि उसकी शादी नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के सिउर गांव निवासी ऋषभ कुमार सिंह से हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था।

    परिवार में विवाद के बाद बिगड़े हालात

    पुलिस के अनुसार, शादी के बाद ऋषभ के परिवार वाले छोटी को बहू के रूप में स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं थे। छोटी अपने पति पर लगातार उसे ससुराल ले जाने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

    आरोप है कि 9 जून 2026 की शाम सिलवासा स्थित किराये के कमरे में ऋषभ ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को प्लास्टिक से ढककर सूटकेस में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया।

    हत्या के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। वह वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में पहचान छिपाकर रह रहा था। इस बीच एसटीएफ को उसके वाराणसी में मौजूद होने की जानकारी मिली।

    चांदपुर इंडस्ट्रियल एस्टेट में मजदूरी कर रहा था

    सूचना के आधार पर एसटीएफ की वाराणसी फील्ड यूनिट ने सिलवासा पुलिस के साथ मिलकर आरोपी की तलाश शुरू की। निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव और उपनिरीक्षक विनय मौर्य की टीम ने मंडुवाडीह क्षेत्र के चांदपुर स्थित इंडस्ट्रियल एस्टेट में दबिश दी।

    बताया गया कि आरोपी शुभकामना रियल टेक एलएलपी के आसपास मजदूरी कर रहा था। टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

    बिहार में भी दर्ज था मामला

    पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ऋषभ और छोटी एक ही गांव के रहने वाले थे। दोनों के प्रेम विवाह के बाद बिहार के रोह थाना क्षेत्र में छोटी के अपहरण से संबंधित मुकदमा भी दर्ज हुआ था।

    वाराणसी में गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सीजेएम वाराणसी की अदालत में पेश किया गया। अदालत से सिलवासा पुलिस ने उसका ट्रांजिट रिमांड हासिल कर लिया है। अब आरोपी को सिलवासा ले जाकर वहां की पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

    पुलिस की कार्रवाई से करीब दो महीने से फरार चल रहे आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad