डीएम ने की जिला आयुष समिति की समीक्षा, कम ओपीडी वाले अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ाने पर जोर
वाराणसी :- जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला आयुष समिति (शासी निकाय) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में आयुष विभाग के माध्यम से संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों तथा आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने आयुष चिकित्सालयों एवं औषधालयों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की स्थिति, आवश्यक दवाओं की आपूर्ति तथा मरीजों को मिल रही चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आयुष चिकित्सा केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और मरीजों को उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न होने पाए।
उन्होंने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धतियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाए। आयुष चिकित्सालयों एवं औषधालयों का नियमित निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए गए।
कम ओपीडी वाले आयुष चिकित्सालयों पर विशेष ध्यान
जिलाधिकारी ने कम ओपीडी वाले आयुष चिकित्सालयों एवं औषधालयों को चिन्हित कर उनकी ओपीडी बढ़ाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में आयुष सेवाओं का लाभ अपेक्षाकृत कम लोगों तक पहुंच रहा है, वहां कारणों का पता लगाकर प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धतियों के लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और आयुष चिकित्सा शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को इन सेवाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने योग, आयुर्वेद, संतुलित एवं स्वस्थ जीवनशैली तथा औषधीय पौधों के महत्व को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि आयुष सेवाओं को केवल चिकित्सालयों तक सीमित न रखते हुए जनसामान्य तक पहुंचाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों ने आयुष विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा आयुष चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के निर्देश दिए।


No comments