• Breaking News

    वाराणसी में देर रात चांदी लूटकांड के बदमाशों से लंका में मुठभेड़, दोनों आरोपियों के पैरों में लगी गोली; एसओजी प्रभारी भी घायल

    वाराणसी :-
    चौक थाना क्षेत्र में हुई चांदी लूटकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी वाराणसी पुलिस को सोमवार देर रात बड़ी सफलता मिली। लंका थाना क्षेत्र के लौटूबीर इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में चांदी लूटकांड के दो आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि मुठभेड़ के दौरान एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह के दाहिने हाथ में गोली लगने से वे भी घायल हो गए।
    पुलिस को सूचना मिली थी कि चौक थाना क्षेत्र में हुई चांदी लूट की वारदात में शामिल आरोपी लौटूबीर के आसपास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर एसओजी और लंका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
    पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के दोनों पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। इसी दौरान हुई गोलीबारी में एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह के दाहिने हाथ में गोली लग गई। उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
    घायल बदमाशों को भी पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि चांदी लूटकांड समेत अन्य आपराधिक मामलों में उनकी भूमिका का पता लगाया जा सके।
    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ में हुई बरामदगी, आरोपियों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जल्द ही आधिकारिक प्रेस वार्ता के माध्यम से साझा की जाएगी। फिलहाल घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
                     एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी....

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad