वाराणसी में दर्दनाक घटना: पिता की मौत के बाद मां-बेटे ने उठाया खौफनाक कदम, होम स्टे में मिले शव
वाराणसी :- लक्सा थाना क्षेत्र स्थित एक होम स्टे में मां और बेटे के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। घटना उस समय हुई, जब एक दिन पहले ही परिवार के मुखिया और पिता की गंभीर बीमारी के चलते मौत हो गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के रायगढ़ निवासी विशाल मुखर्जी (56) अपनी पत्नी जया मुखर्जी (51) और बेटे ईशान मुखर्जी (26) के साथ सात अगस्त को काशी दर्शन के लिए वाराणसी पहुंचे थे। परिवार ने लक्सा थाना क्षेत्र के वाची होम स्टे में कमरा बुक कराया था। काशी दर्शन के बाद तीनों होम स्टे लौटकर कमरे में ठहरे थे।
बताया जा रहा है कि विशाल मुखर्जी पहले से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। रविवार रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। होम स्टे कर्मचारियों और पुलिस की मदद से उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता की मौत के अगले दिन सोमवार रात उनकी पत्नी जया मुखर्जी और बेटे ईशान मुखर्जी की तबीयत भी बिगड़ गई। दोनों के कमरे में अचेत अवस्था में मिलने के बाद होम स्टे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही लक्सा पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत जहरीला पदार्थ खाने से होने की आशंका जताई गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। काशी जोन के एडीसीपी वैभव बांगर और एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और होम स्टे के मैनेजर समेत कर्मचारियों से पूछताछ की।
फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की लगातार मौत से घटना ने सभी को झकझोर दिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

No comments