• Breaking News

    वाराणसी :- पति-पत्नी के विवाद का दुखद अंत, महिला की मौत से दो बेटों के सिर से उठा मां का साया

    वाराणसी/पिंडरा :-
    फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियांव (धनखरी) गांव में शनिवार देर रात पति से कहासुनी के बाद रिंकी यादव (35 वर्ष) ने साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    करखियांव (धनखरी) गांव निवासी उदयभान यादव की पत्नी रिंकी यादव अपने पति के साथ कमरे में सोई हुई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। देर रात जब उदयभान की नींद खुली, तो उसने देखा कि रिंकी बिस्तर पर नहीं है। उसकी तलाश करने पर वह दूसरे तल के एक कमरे में साड़ी के सहारे फंदे से लटकी हुई मिली।

    शोर सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और रिंकी को फंदे से उतारकर पीएचसी पिंडरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। मृतका के भाई राहुल की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    जानकारी के अनुसार, रिंकी की शादी वर्ष 2009 में उदयभान यादव से हुई थी। उसका मायका जौनपुर के रतनूपुर गांव में है। मृतका के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 13 और 11 वर्ष बताई गई है। दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठने से उनके रुदन को सुनकर लोगों की आंखों में आंसू आ गए।

    यह घटना न केवल परिवार के लिए बल्कि पूरे गांव के लिए एक दुखदायी घटना है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने यह भी दर्शाया है कि घरेलू विवादों को हल करने के लिए संवाद और समझदारी की आवश्यकता है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad