• Breaking News

    नौहों पर मातम से गूंजा बनारस, कर्बला के शहीदों का पचासा आज

    वाराणसी :- हजरत इमाम हुसैन, इमाम-ए-हसन और कर्बला के शहीदों व असीरों की याद में मनाए जाने वाले पचासे की पूर्व संध्या पर बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों में मजलिस, नौहाख्वानी और मातम का सिलसिला जारी रहा। कई स्थानों से ताबूत, अलम, जुल्फिकार और दुलदुल के जुलूस निकाले गए, जो अपने कदीमी रास्तों से होते हुए दरगाह-ए-फातमान पहुंचकर संपन्न हुए।

    फाटक शेख सलीम स्थित रिजवी हाउस में सैयद साबिर हुसैन रिजवी के संयोजन में आयोजित तीन दिवसीय मजलिस के अंतिम दिन जामा मस्जिद के प्रवक्ता सैय्यद सलमान हैदर ने मजलिस को खिताब किया। उन्होंने कर्बला के शहीदों और असीरों की जिंदगी और उनके त्याग को बयान करते हुए कहा कि कर्बला वालों की जिंदगी पूरी दुनिया के लिए मिसाल है। उनके त्याग, सब्र और इंसाफ का संदेश आज भी लोगों को राह दिखाता है।

    मजलिस के दौरान अंजुमन हैदरी बनारस ने दर्दभरे नौहे पेश किए। नौहों के बीच अजादारों ने जोरदार मातम कर कर्बला के शहीदों की याद में नजराना-ए-अकीदत पेश किया। माहौल गमगीन हो गया और पूरा परिसर या हुसैन की सदाओं से गूंज उठा।

    मजलिस के बाद ताबूत, अलम, जुल्फिकार और दुलदुल का जुलूस निकाला गया। जुलूस फाटक शेख सलीम, तुलसी कुआं, काली महल, पितरकुंडा समेत अपने कदीमी रास्तों से होता हुआ दरगाह-ए-फातमान पहुंचा, जहां जुलूस समाप्त हुआ।

    जुलूस में सैयद शाने अब्बास, सैयद मोहम्मद अब्बास, सैयद अली अब्बास, सैयद असद अब्बास, सैयद ऐयतल अब्बास (कुनाल), सैयद जरगाम, सैयद आबिद राजा, सैयद अफसर हुसैन, सैयद मोदसिर हुसैन रिजवी, सैयद फिरोज हुसैन जुल्फेकर जैदी और नयाब रजा समेत बड़ी संख्या में अजादार शामिल रहे।

    उधर, दोषीपुरा में रात को शब्बेदारी का आयोजन किया गया। इसमें भी अजादारों ने कर्बला के शहीदों की याद में नौहाख्वानी और मातम कर अपनी अकीदत पेश की।

    आज मनाया जाएगा कर्बला के शहीदों का पचासा

    कर्बला के शहीदों का पचासा गुरुवार को मनाया जाएगा। इस मौके पर शहर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में जुलूस निकलेंगे। शहर की करीब दो दर्जन अंजुमनें सदर इमामबाड़ा लाट सरैया पहुंचकर नौहाख्वानी और मातम का नजराना पेश करेंगी।

    पचासे को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बुधवार को निकले जुलूस के दौरान चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला, विकास कुमार मिश्रा समेत पुलिस और पीएसी के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।

    कर्बला के शहीदों की याद में होने वाले इन आयोजनों के दौरान बनारस की गलियों में नौहों और मातम की सदाएं गूंजती रहीं और अजादारों ने शहीदाने-कर्बला को श्रद्धांजलि अर्पित की।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad