• Breaking News

    ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, बोले- ‘चच्चू को संभालिए, नहीं तो सत्ता से दूर रखेंगे’

    उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी भी लगातार तीखी होती जा रही है। इसी कड़ी में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव पर निशाना साधा है।

    ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अखिलेश यादव को सलाह देने के अंदाज में शिवपाल यादव पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि अखिलेश यादव को अपने ‘चच्चू’ को संभालना चाहिए, वरना वह उन्हें दोबारा सत्ता में आने नहीं देंगे।

    राजभर ने शिवपाल यादव के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आजम खान को प्रदेश का गृह मंत्री बनाया जाएगा। राजभर ने इस बयान को लेकर सपा नेतृत्व पर सवाल खड़े किए और कहा कि अखिलेश यादव को ‘विभीषण की कहानी’ पढ़नी चाहिए।

    उन्होंने अपने पोस्ट में शिवपाल यादव पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि उनके बयानों से सपा के भीतर की खींचतान सामने आ रही है। राजभर ने तंज कसते हुए दावा किया कि आने वाले समय में सपा के भीतर चल रही राजनीति के और भी पहलू सामने आ सकते हैं।

    शिवपाल यादव ने क्या कहा था?

    दरअसल, सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने बुधवार को रामपुर जेल में पार्टी नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान से मुलाकात की थी। इसके बाद वह आजम खान के बड़े बेटे अदीब आजम खान के साथ जौहर विश्वविद्यालय पहुंचे।

    मीडिया से बातचीत के दौरान शिवपाल यादव ने कहा था कि यदि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो आजम खान को प्रदेश का गृह मंत्री बनाया जाएगा। उनके इसी बयान के बाद ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव और शिवपाल यादव को निशाने पर लेते हुए सोशल मीडिया के जरिए हमला बोला।

    2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजभर के इस बयान ने उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर सपा के भीतर नेतृत्व और चाचा-भतीजे के रिश्ते को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज कर दी है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad