• Breaking News

    काशी से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार जौनपुर में हादसे का शिकार, ट्रक से भिड़ंत में दो की मौत, तीन घायल

    वाराणसी/जौनपुर :-
    श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन कर उन्नाव लौट रहे श्रद्धालुओं की कार जौनपुर जिले में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। बक्शा थाना क्षेत्र में वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

    जानकारी के अनुसार, उन्नाव निवासी अखिलेश शुक्ला, अंकित शुक्ला, शोभित श्रीवास्तव, संदीप मिश्रा और शोभित शुक्ला वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद वैगनआर कार से अपने घर लौट रहे थे। सोमवार सुबह जब उनकी कार बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हानमऊ गांव के पास पहुंची, तभी चालक को कथित तौर पर झपकी आ गई और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसा।

    टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अखिलेश शुक्ला और अंकित शुक्ला को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है।

    पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। बक्शा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad