• Breaking News

    वाराणसी: रिंग रोड पर ओवरटेक करना पड़ा भारी, ट्रक में जा घुसी कार; 34 वर्षीय युवक की मौत

    • राधिका तिवारी
    वाराणसी :-  मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात रिंग रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में 34 वर्षीय कार चालक की मौत हो गई। हरपुर गांव के पास ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के अंदर फंस गया।

    हादसे की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे चालक को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

    मृतक की पहचान भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र के सारीपुर गांव निवासी अभिषेक कौशिक (34) के रूप में हुई। बताया गया कि अभिषेक अपनी कार से रखौना रिंग रोड होते हुए हरहुआ की तरफ जा रहे थे। हरपुर गांव के समीप पहुंचने पर उन्होंने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान कार अनियंत्रित हुई और सीधे ट्रक के पीछे जा टकराई।

    हादसे की खबर अभिषेक के घर पहुंचते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों के मुताबिक, अभिषेक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी शादी कुछ वर्ष पहले हुई थी और परिवार में उनकी दो साल की बेटी भी है। पिता की अचानक मौत से मासूम बच्ची के सिर से साया उठ गया।

    घटना के बाद से पत्नी, मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad