• Breaking News

    Varanasi: ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में छूटा कपड़ा, हालत बिगड़ने पर दोबारा सर्जरी; पुलिस जांच शुरू

    वाराणसी में प्रसव के बाद महिला के पेट में छूटा कपड़ा, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप। (AI Image)

    वाराणसी :- लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के एक अस्पताल में प्रसव के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में कपड़ा छूट गया। घर लौटने के बाद तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां जांच के बाद दोबारा ऑपरेशन कर कथित तौर पर पेट में छूटी वस्तु निकाली गई। मामले में पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।

    लालपुर पुलिस चौकी पर तैनात दीवान ओमप्रकाश सिंह ने थाने में तहरीर देकर अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, उनकी गर्भवती पत्नी का करीब आठ महीने से संबंधित अस्पताल में इलाज चल रहा था। 18 अगस्त को अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराया गया और 20 अगस्त को महिला को छुट्टी दे दी गई।

    परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उल्टी समेत कई परेशानियां होने लगीं। पहले उसे महाबीर मंदिर क्षेत्र स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद महिला को बीएचयू अस्पताल ले जाया गया।

    पति का आरोप है कि बीएचयू में अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन की जांच में पेट में संक्रमण की बात सामने आई। इसके बाद डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन किया, जिसमें पेट के अंदर छूटी विदेशी वस्तु निकाले जाने की जानकारी दी गई। इलाज के दौरान महिला को पांच यूनिट ब्लड भी चढ़ाया गया।

    परिजनों का कहना है कि महिला की हालत अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है। पति ने पूरे मामले की जांच कर संबंधित डॉक्टरों और अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
    • राधिका तिवारी

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad