कालभैरव मंदिर में दलालों पर बड़ी कार्रवाई: पुलिस ने 11 लोगों को किया गिरफ्तार, श्रद्धालुओं से वसूली की शिकायत पर छापा
वाराणसी :- काशी के प्रसिद्ध श्री कालभैरव मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों को गुमराह कर अवैध रूप से धन उगाही करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं से अभद्र व्यवहार और कथित दलाली से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और विशेष अभियान चलाकर 11 लोगों को हिरासत में ले लिया।जानकारी के अनुसार, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने सिविल ड्रेस में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को वीआईपी और शीघ्र दर्शन का झांसा देकर पैसे वसूल रहे हैं तथा विरोध करने पर उनसे दुर्व्यवहार कर रहे हैं।
सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। बताया गया कि संदिग्ध लोगों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे पुलिसकर्मियों से ही बहस और विवाद करने लगे। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने कहा कि धार्मिक स्थलों की गरिमा को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। श्रद्धालुओं के साथ ठगी, दुर्व्यवहार या अवैध वसूली जैसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है।
इस अभियान का नेतृत्व कालभैरव चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अभय नारायण सिंह सेंगर ने किया। उनके साथ उपनिरीक्षक सर्वेश कुमार यादव, कांस्टेबल गोविंद सिंह तथा रक्षित कांस्टेबल धर्मेंद्र सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने संतोष जताते हुए प्रशासन की पहल की सराहना की है।

No comments