वाराणसी में कांग्रेस का प्रदर्शन: मोदी, योगी और धर्मेंद्र प्रधान के चित्र जलाकर जताया विरोध, महोबा पीड़िता को न्याय दिलाने की उठाई मांग
वाराणसी :- जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सोमवार को जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा द्वारा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ किए गए विरोध कार्यक्रम के जवाब में कांग्रेसजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के चित्रों का दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करना हर नागरिक और राजनीतिक दल का अधिकार है, जिसे कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे और जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने कहा कि भाजपा द्वारा कांग्रेस नेतृत्व को निशाना बनाकर राजनीतिक माहौल को विषाक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी दबाव या राजनीतिक प्रताड़ना से घबराने वाले नहीं हैं और जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेंगे।
नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। महिलाओं के खिलाफ अपराध, बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि जनता के वास्तविक सवालों से ध्यान हटाने के लिए भाजपा इस तरह की राजनीतिक गतिविधियों का सहारा ले रही है।
प्रदर्शन के दूसरे चरण में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महोबा की दलित युवती के साथ हुई घटना को लेकर न्याय की मांग उठाई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महोबा की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा की हैं। उन्होंने मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई कर पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।
ज्ञापन में पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, सुरक्षा और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दलितों, महिलाओं और कमजोर वर्गों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर सरकार को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
कार्यक्रम में कांग्रेस के जिला एवं महानगर पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक अधिकारों और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दों पर पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

No comments