• Breaking News

    दालमंडी चौड़ीकरण को लेकर फिर तेज हुई कार्रवाई, 18 भवनों पर चलेगा बुलडोजर


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना को लेकर प्रशासन ने एक बार फिर कार्रवाई तेज कर दी है। त्योहारों और स्कूलों की छुट्टियों के दौरान इलाके में बढ़ी भीड़ के कारण रुकी ध्वस्तीकरण प्रक्रिया अब दोबारा शुरू की जा रही है। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम ने क्षेत्र में मुनादी कराकर स्थानीय लोगों और भवन स्वामियों को आगामी कार्रवाई की सूचना दी।

    मुनादी के दौरान बताया गया कि 30 और 31 मई 2026 को चौड़ीकरण योजना के तहत पहले से अधिग्रहित किए जा चुके भवनों को हटाया जाएगा। प्रशासन की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार दोनों दिन दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जाएगा।

    प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक कुल 18 भवनों को गिराया जाना है। इनमें 30 मई को 5 भवनों पर बुलडोजर चलेगा, जबकि 31 मई को 13 अन्य भवनों को ध्वस्त किया जाएगा। अधिकारियों ने भवन स्वामियों और आसपास के लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले क्षेत्र खाली कर दें और कार्रवाई के दौरान सहयोग बनाए रखें।

    दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना को शहर की प्रमुख यातायात योजनाओं में शामिल माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ी होने के बाद क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और लोगों का आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा। खासकर बाजार क्षेत्र होने के कारण यहां प्रतिदिन भारी भीड़ रहती है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होती है।

    अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि ध्वस्तीकरण की पूरी प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही है और प्रभावित लोगों को तय प्रावधानों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। हालांकि, कुछ स्थानीय निवासियों ने अपने मकानों के टूटने को लेकर चिंता जताई है। वहीं कई लोगों का मानना है कि सड़क चौड़ीकरण के बाद इलाके की यातायात व्यवस्था पहले से बेहतर होगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad