वाराणसी: परिवीक्षाधीन IPS मानसी दहिया को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दी भावभीनी विदाई
वाराणसी पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल द्वारा 77वें आरआर (वर्ष-2023) बैच की परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारी सुश्री मानसी दहिया के जनपदीय व्यावहारिक प्रशिक्षण पूर्ण होने एवं स्थानांतरण के अवसर पर कैंप कार्यालय में एक गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया।इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने सुश्री मानसी दहिया के उत्कृष्ट सेवाकाल, अनुशासित कार्यशैली, प्रभावी नेतृत्व क्षमता तथा कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।अपने प्रशिक्षण काल के दौरान सुश्री मानसी दहिया ने कमिश्नरेट वाराणसी की विभिन्न इकाइयों एवं शाखाओं में कार्य करते हुए पुलिसिंग के अनेक आयामों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। इस दौरान उन्हें थाना चोलापुर का 12 सप्ताह का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया, जहां उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा सुनिश्चित करने तथा थाना प्रशासन के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
उनके नेतृत्व में थाना क्षेत्र में पुलिस कार्यों का सुव्यवस्थित संचालन हुआ तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद और विश्वास कायम करने की दिशा में सराहनीय कार्य किए गए। प्रशिक्षण अवधि के दौरान उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए पुलिस कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया। साथ ही जनसुनवाई, शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, महिला एवं पीड़ितों से जुड़े मामलों की संवेदनशील सुनवाई तथा प्रशासनिक कार्यों में भी अपनी दक्षता का परिचय दिया।
उनकी कार्यशैली में अनुशासन, संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ। समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त द्वारा उन्हें स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय श्री शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध श्री आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन श्री प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन सुश्री नीतू सहित कमिश्नरेट के अन्य राजपत्रित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



No comments