वाराणसी में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट, 47°C तक पहुंच सकता है तापमान; दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह
वाराणसी :- जिले में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाला है। मौसम विभाग ने वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों के लिए हीट वेव को लेकर चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि अगले सप्ताह अधिकतम तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पूरे सप्ताह आसमान साफ रहने की संभावना है। तेज धूप और पछुआ हवाओं के कारण लू के थपेड़े लोगों को बेहाल करेंगे। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रह सकता है, जिससे उमस और बेचैनी बढ़ेगी।
शनिवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुष्क और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा जैसा माहौल देखने को मिला। अगले चार से पांच दिनों में तापमान में दो से चार डिग्री तक और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 18 मई से गर्मी और तेज होगी तथा तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद 19 से 21 मई के बीच पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक जाने की आशंका है। इस दौरान प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में भीषण लू चलने की संभावना व्यक्त की गई है। इसी को देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
India Meteorological Department के मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि किसी प्रभावी मौसम तंत्र के सक्रिय न होने के कारण प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। विकिरणीय ऊष्मन बढ़ने से तापमान में लगातार वृद्धि होगी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश से लू का नया दौर शुरू होकर धीरे-धीरे व्यापक क्षेत्र में असर दिखाएगा। हालांकि 22 मई के बाद तापमान में मामूली गिरावट आने की संभावना भी जताई गई है।
वहीं Banaras Hindu University के IMS-BHU में जनरल मेडिसिन विभाग के प्रो. दीपक कुमार गौतम ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बहुत जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें। धूप में निकलते समय सिर को सूती कपड़े से ढकें, छाते का उपयोग करें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। उन्होंने ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और लस्सी जैसे पेय पदार्थों का सेवन बढ़ाने की भी सलाह दी।
इधर मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर भी अनुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार मानसून के 26 मई तक केरल पहुंचने की संभावना है। यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो जून के दूसरे सप्ताह तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून दस्तक दे सकता है। फिलहाल तब तक लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा।

No comments