• Breaking News

    वाराणसी में “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत बड़ा अभियान, 94 वाहन सीज़ और 792 का चालान


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल के निर्देशन में शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारू और बाधारहित बनाने के उद्देश्य से “ऑपरेशन चक्रव्यूह” एवं RTC (Reducing Traffic Congestion) Scheme के तहत विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत सिगरा क्षेत्र में आंध्रापुल से इंग्लिशिया लाइन और कैंट रेलवे स्टेशन तक प्रमुख मार्गों का पैदल भ्रमण कर यातायात संचालन व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया।


    निरीक्षण के दौरान बिना नंबर प्लेट, त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट तथा अवैध रूप से परिवर्तित नंबर प्लेट वाले वाहनों की सघन जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। इसके साथ ही रांग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करते हुए यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं अनुशासित बनाया जा सके।


    विशेष चेकिंग अभियान के दौरान कुल 94 वाहनों को सीज़ किया गया, जबकि 792 वाहनों का चालान करते हुए 18 लाख 58 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिस थाना क्षेत्र में अतिक्रमण पाया जाएगा, उसकी जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी की होगी।

    अभियान के दौरान अवैध ऑटो रिक्शा स्टैंडों को हटाने, सड़क किनारे ठेला-खुमचा लगाकर यातायात बाधित करने वालों तथा दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। साथ ही प्रमुख मार्गों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन के आसपास अनैतिक एवं विधिविरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखने और वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

    इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर सहित संबंधित सहायक पुलिस उपायुक्त, थाना प्रभारी और पुलिस बल मौजूद रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad