• Breaking News

    शिवपुर में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबकर मजदूर की मौत, पत्नी-बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- शिवपुर थाना क्षेत्र के तरना स्थित गणेशपुर पोखरे में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरेंद्र पटेल के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

    जानकारी के अनुसार सुरेंद्र पटेल रात में तालाब पर नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण राहत कार्य में काफी परेशानी हुई।

    सूचना मिलने पर शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    बताया जा रहा है कि सुरेंद्र पटेल परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से पत्नी और दो छोटे बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि गणेशपुर पोखरा में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। तालाब की गहराई और किनारों पर रोशनी की कमी के चलते पहले भी हादसे होने की आशंका जताई जाती रही है। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad