• Breaking News

    लखनऊ सिविल कोर्ट के बाहर चला बुलडोजर, वकीलों का हंगामा; पुलिस से झड़प के बाद बढ़ा तनाव, देखे वीडियो


    राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह सिविल कोर्ट और काइसरबाग क्षेत्र के आसपास उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब नगर निगम और प्रशासन की टीम ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया। कार्रवाई हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के आदेश के अनुपालन में की गई। प्रशासन ने कोर्ट परिसर के आसपास बने अवैध निर्माणों, दुकानों और अस्थायी ढांचों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया।


    सुबह भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। बुलडोजर की कार्रवाई शुरू होते ही अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में वकील मौके पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।


    वकीलों का आरोप था कि जिन दुकानों और चैम्बर्स को हटाया जा रहा है, उन्हें पर्याप्त समय और स्पष्ट नोटिस नहीं दिया गया। उनका कहना था कि वर्षों से इस्तेमाल हो रहे कई चैंबर्स और दुकानों को अचानक हटाने से लोगों की आजीविका और पेशेवर कार्य प्रभावित होंगे। अधिवक्ताओं ने यह भी मांग की कि कार्रवाई से पहले वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी।


    प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक कोर्ट परिसर और उसके आसपास कुल करीब 240 अवैध निर्माणों और कब्जों को चिह्नित किया गया था। इनमें कई अस्थायी दुकानें, निर्माण और कुछ वकीलों के चैम्बर्स शामिल बताए गए। अधिकारियों का कहना है कि इन अवैध कब्जों की वजह से इलाके में लगातार जाम की स्थिति बन रही थी और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में भी दिक्कतें आ रही थीं।

    मौके पर विरोध बढ़ने के साथ हालात और तनावपूर्ण हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआत में पुलिस और वकीलों के बीच बहस हुई, लेकिन बाद में स्थिति धक्का-मुक्की और झड़प तक पहुंच गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हाईकोर्ट के आदेश के तहत अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad