बीएचयू के डालमिया हॉस्टल में खाने में निकली मरी छिपकली, छात्रों ने मेस में किया हंगामा
वाराणसी :- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के डालमिया हॉस्टल में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेस में परोसी जा रही चिकन करी में मरी हुई छिपकली मिलने का मामला सामने आया। भोजन परोसते समय छात्रों की नजर सब्जी में पड़ी छिपकली पर गई, जिसके बाद मेस में मौजूद छात्रों का गुस्सा भड़क उठा और जमकर विरोध शुरू हो गया।छात्रों का आरोप है कि मेस में भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। घटना के बाद कई छात्र आक्रोशित हो गए और मेस बंद कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। कुछ छात्रों ने दावा किया कि वे भोजन कर चुके थे, जिसके बाद घटना की जानकारी मिलते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
मामले की सूचना मिलते ही हॉस्टल वार्डन, प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम और विश्वविद्यालय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। छात्रों को शांत कराने की कोशिश की गई, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। हालात को देखते हुए पुलिस को भी बुलाना पड़ा, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
हॉस्टल वार्डन राघव मिश्रा ने छात्रों से अपील की कि यदि किसी को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी महसूस हो रही हो तो तुरंत सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित छात्रों का इलाज कराया जाएगा और पूरे मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
घटना के बाद एहतियातन मेस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन पूरे मामले की निगरानी कर रहा है और वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। वहीं छात्रों का कहना है कि जब तक मेस व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

No comments