• Breaking News

    बकरीद से पहले वाराणसी में पुलिस का फ्लैग मार्च, कमिश्नर मोहित अग्रवाल बोले- माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी सख्ती


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। बुधवार को पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल ने गोदौलिया, चौक, दालमण्डी से लंगड़ा हाफिज़ मस्जिद तथा जैतपुरा रोड से बकरिया मंडी तक सघन पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों, धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर पर्व को भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई।
    पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और खुले इलाकों में नमाज अदा नहीं की जाएगी। यदि किसी स्थान पर अधिक संख्या में लोग पहुंचते हैं तो नमाज विभिन्न पालियों में सम्पन्न कराई जाएगी, जिससे व्यवस्था बनी रहे और यातायात भी प्रभावित न हो।
    उन्होंने कहा कि कुर्बानी केवल घरों के अंदर या बंद परिसरों में ही की जाए। खुले स्थानों, सार्वजनिक मार्गों और सड़कों पर कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर भी पूर्ण रोक रहेगी।
    पुलिस प्रशासन ने साफ-सफाई को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। कुर्बानी से निकलने वाले अपशिष्ट को नगर निगम की गाड़ियों या निर्धारित स्थानों पर ही डालने को कहा गया है। सड़कों, गलियों और खुले स्थानों पर अपशिष्ट फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
    बकरीद के दौरान सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि कुर्बानी से संबंधित फोटो या वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और वीडियोग्राफी के जरिए पूरे शहर में निगरानी रखी जाएगी।

    संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों, प्रमुख धार्मिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और मोबाइल गश्ती दलों की तैनाती की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों और अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

    पुलिस प्रशासन के अनुसार जनपद में लगभग 700 मस्जिदों और करीब 80 ईदगाहों में बकरीद की नमाज अदा की जाएगी। सभी स्थानों पर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।

    पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने धर्मगुरुओं से वार्ता कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad