• Breaking News

    वाराणसी समेत पूर्वांचल में गर्मी का कहर जारी, हीट वेव ने बढ़ाई परेशानी; नौतपा को लेकर भी अलर्ट


    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। दिन के साथ-साथ अब रात में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं, जिससे उमस और बेचैनी बढ़ गई है।

    सोमवार सुबह हल्की ठंडक महसूस हुई, लेकिन सूरज निकलते ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा। सुबह दस बजे के बाद धूप इतनी तेज हो गई कि लोगों को घरों से निकलना मुश्किल महसूस होने लगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रह सकता है।

    मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल पूर्वांचल में बादलों की गतिविधि बेहद कम है और बारिश की कोई ठोस संभावना नजर नहीं आ रही है। हालांकि वातावरण में नमी बढ़ने और पछुआ हवाओं के प्रभाव से आने वाले दिनों में कहीं-कहीं बादल बनने की स्थिति बन सकती है, लेकिन फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं।

    इस बीच नौतपा की शुरुआत भी करीब एक सप्ताह बाद होने जा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले पंद्रह दिनों तक गर्मी और ज्यादा तीखी हो सकती है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।

    बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 1.5 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आर्द्रता का स्तर भी बढ़ने लगा है, जिससे गर्मी का असर और अधिक महसूस हो रहा है।

    मौसम विभाग की सैटेलाइट तस्वीरों में फिलहाल पूर्वांचल के ऊपर बादलों की कोई खास सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है। वहीं मानसून की रेखा भी पिछले दो दिनों से लगभग स्थिर बनी हुई है। अनुमान है कि अगले महीने तक मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश में दस्तक दे सकता है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad