शव दफनाने की अफवाह पर हलकान हुई लालपुर पांडेयपुर पुलिस। ग्रामीणों ने किया हंगामा
वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित एढ़े गांव में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रिंग रोड किनारे कूड़ा डंपिंग स्थल पर शव दबाए जाने की अफवाह फैल गई। सूचना तेजी से गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और नगर निगम की कूड़ा गाड़ियों को रोककर विरोध शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि कुछ लोगों द्वारा जेसीबी मशीन से गहरी खुदाई कर संदिग्ध बोरियां जमीन में दबाई गई हैं। मामले की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया कि वहां किसी इंसान का नहीं बल्कि मृत पशु का अवशेष दबाया गया है, लेकिन ग्रामीण पुलिस की बात मानने को तैयार नहीं हुए।
स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस ने दोबारा जेसीबी मंगवाकर खुदाई कराई। खुदाई के दौरान जमीन से मृत पशु के अवशेष मिलने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और मामला सामान्य हो सका।
इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में मानव शव दबाने की अफवाह फैल गई थी, जबकि जांच में ऐसा कुछ नहीं मिला। दोबारा खुदाई कराकर लोगों को वास्तविक स्थिति दिखा दी गई, जिसके बाद विवाद खत्म हो गया।
ऑटो और बोरियों को लेकर बनी रहीं चर्चाएं
घटना के बाद गांव में कई तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। स्थानीय लोगों के अनुसार ऑटो संख्या UP 65 LT 8262 में बोरियों में भरकर पशु अवशेष ले जाए जा रहे थे। इसी दौरान वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों का दावा था कि सुबह तड़के जेसीबी से करीब सात फीट गहरा गड्ढा खोदकर कई बोरियां दफनाई गई थीं। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर इतनी जल्दी और गोपनीय तरीके से सामान क्यों दबाया गया।
पुलिस ने जारी किया स्पष्टीकरण
लालपुर-पांडेयपुर पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करीब चार बजे पीआरवी को सूचना मिली कि हुकुलगंज स्थित चंद्रा रेजिडेंसी के सामने डिवाइडर से टकराकर एक ऑटो पलट गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक शाहील और उसकी पत्नी नाजरा को उपचार के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार ऑटो में रखी बोरियों के बारे में पूछताछ करने पर चालक ने बताया कि उनमें भैंस का मांस था, जिसे शादी समारोह में ले जाया जा रहा था। बाद में खराब हो चुके मांस को नगर निगम के कूड़ा स्थल पर जमीन में दबा दिया गया।
हालांकि पूरे घटनाक्रम ने इलाके में दहशत और संदेह का माहौल पैदा कर दिया। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि के बाद ही प्रतिक्रिया देने की अपील की है।

No comments