इंस्टाग्राम पर निजी वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप, वाराणसी में कोर्ट के निर्देश पर केस दर्ज
वाराणसी :- लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में एक दंपति के निजी वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड किए जाने का मामला सामने आया है। दंपति की शिकायत पर पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद आईटी एक्ट और विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में एक महिला पर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर अश्लील वीडियो और तस्वीरें पोस्ट करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित दंपति का कहना है कि उन्होंने पहले स्थानीय थाने और साइबर सेल में शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण ली गई, जहां से एफआईआर दर्ज करने का आदेश जारी हुआ।
दंपति के अनुसार, मिर्जापुर जिले के बरौनी क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने उनके निजी वीडियो अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किए थे और बाद में उन्हें इंस्टाग्राम पर अपलोड करना शुरू कर दिया। आरोप है कि फर्जी अकाउंट से करीब 200 वीडियो और कई आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट की गईं, जिससे उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हुई।
पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि वीडियो हटाने की बात कहने पर आरोपी महिला ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 351(3), 352, 356(2) और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट को हटवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आरोपी महिला की तलाश की जा रही है।

No comments