वाराणसी में भाजपा का विरोध प्रदर्शन, राहुल गांधी और अजय राय का फूंका पुतला
वाराणसी :- मंडुवाडीह स्थित बनारस रेलवे स्टेशन के सेकेंड एंट्री गेट के सामने शुक्रवार को भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का पुतला फूंकते हुए सनातन धर्म के अपमान का आरोप लगाया और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व पार्षद रविन्द्र सोनकर, पार्षद राजेश कनौजिया, भाजयुमो जिलामहामंत्री राकेश राजभर और आदर्श सोनकर ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता स्टेशन परिसर के बाहर एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं के हाथों में राहुल गांधी और अजय राय के चित्र लगे पुतले थे। प्रदर्शनकारियों ने “राहुल गांधी माफी मांगो”, “अजय राय होश में आओ” और “सनातन धर्म का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारे लगाए।
सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पहले स्टेशन परिसर के सामने पुतला दहन करने का प्रयास किया। पुतला जलने से कुछ देर तक इलाके में धुआं फैल गया और स्टेशन के बाहर यातायात भी प्रभावित हुआ। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को कुछ समय के लिए रुकना पड़ा।
सूचना मिलने पर आरपीएफ, जीआरपी और मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान आरपीएफ के दारोगा विवेक कुमार सिंह ने रेलवे परिसर में बिना अनुमति पुतला दहन का विरोध किया और कार्रवाई की चेतावनी देते हुए वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और आरपीएफ कर्मियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
हालांकि बाद में कार्यकर्ताओं ने रेलवे परिसर से हटकर सड़क के दूसरी ओर पुतला दहन किया। पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत कराया गया।
प्रदर्शन में रोहनिया मंडल अध्यक्ष प्रदीप प्रजापति, राजबहादुर राजभर, विनय रत्ना, अनिल सेठ, आकाश सोनकर, संदीप केसरी, रवि गुप्ता, भावेश बरनवाल, नीलमणि पटेल, तूफानी राजभर, आनंद राजभर, सुजीत पटेल, बृजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments